राष्ट्रीय
09-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। हवाई यात्रियों को एयरपोर्ट पर महंगे खाने से राहत दिलाने का मुद्दा एक बार फिर संसद में उठा है। आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि देश के एयरपोर्ट्स पर खाने-पीने की चीज़ों की ऊंची कीमतें लंबे समय से यात्रियों की बड़ी शिकायत रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने यात्रियों को सस्ता खाना उपलब्ध कराने के लिए उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत की है, जो एक सकारात्मक पहल है। हालांकि उन्होंने इस योजना को और प्रभावी बनाने के लिए कुछ अहम सुधारों की जरूरत बताई। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढाके अनुसार फिलहाल देश में 150 से अधिक एयरपोर्ट मौजूद हैं, लेकिन उड़ान यात्री कैफे केवल 10 से 12 एयरपोर्ट तक ही सीमित हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि इस सुविधा को देश के सभी एयरपोर्ट्स तक बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को सस्ती दरों पर भोजन मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय में ये कैफे ज्यादातर प्री-चेक-इन क्षेत्र में, यानी सुरक्षा जांच से पहले लगाए गए हैं। जबकि यात्रियों का अधिक समय सुरक्षा जांच के बाद डिपार्चर एरिया में बीतता है। इसलिए उनका सुझाव है कि उड़ान यात्री कैफे को चेक-इन और सिक्योरिटी जांच के बाद डिपार्चर एरिया के अंदर स्थापित किया जाना चाहिए। इससे यात्रियों को बोर्डिंग से पहले आसानी से चाय, नाश्ता या हल्का भोजन लेने की सुविधा मिल सकेगी। सुबोध/०९-०३-२०२६