:: केंद्रीय साईं सेवा समिति के तत्वावधान में पार्श्वनाथ नगर में निकली पालकी यात्रा; भजनों की स्वर लहरियों और जयघोष से गूंजा क्षेत्र :: इंदौर (ईएमएस)। केंद्रीय साईं सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित साईं बाबा महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को अन्नपूर्णा क्षेत्र के पार्श्वनाथ नगर एवं आसपास की कॉलोनियों में भव्य पालकी यात्रा और प्रभात फेरी निकाली गई। बाबा का स्वागत करने के लिए भक्तों ने अपने घरों के द्वार रंगोली और दीपों से सजाए। पालकी के गुजरने के दौरान आतिशबाजी और फूलों की वर्षा से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। समिति के अध्यक्ष गौतम पाठक, प्रदीप यादव और आलोक खादीवाला ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ साईं भक्त नरेश कारडा एवं राजू अगवाने के पार्श्वनाथ नगर स्थित निवास पर पालकी के पूजन के साथ हुआ। जैसे-जैसे बाबा के भक्तों का काफिला आगे बढ़ता गया, स्वागत और अगवानी का सिलसिला भी बढ़ता चला गया। यात्रा में शामिल साईं भक्तों और क्षेत्र के रहवासियों ने पूरे क्षेत्र को रंगोली, दीपों और फूलों से सजाया था। साईं बाबा के सर्वधर्म समभाव के संदेश के अनुरूप प्रभातफेरी में आयो लाल झूलेलाल और साईं बाबा के जयघोष का दौर पूरे समय चलता रहा। यात्रा के दौरान भजन गायक प्रदीप परमार, ध्रुव सेठी और अक्षत शर्मा की सुरीली प्रस्तुतियों ने उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह यात्रा अलंकार पैलेस, पार्श्वनाथ नगर और केसर बाग रोड से होती हुई पुनः साईं मंदिर पहुँची, जहाँ महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान समिति के समीर जोशी, वासुदेव चावला, पिंकी भाटिया, रमेश मोटवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और मातृशक्ति उपस्थित रहीं। :: आज सुदामा नगर में :: साईं सेवा समिति के अनुसार, यह महोत्सव आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। मंगलवार 10 मार्च को सुबह 5 बजे से सुदामा नगर के सेक्टर ई में रवि बरकड़े के निवास से यात्रा प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। इसी क्रम में 11 मार्च को राधा नगर एवं नीलकंठ कॉलोनी, 12 मार्च को द्रविड़ नगर और 13 मार्च को हवाबंगला क्षेत्र में साईं बाबा की पालकी यात्रा निकलेगी। साथ ही, 26 मार्च को बड़ा गणपति से छत्रीबाग साईं मंदिर तक ब्रह्मलीन विनिता पाठक की स्मृति में भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। प्रकाश/09 मार्च 2026