राज्य
09-Mar-2026


महानगर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित देहरादून (ईएमएस)। पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने चारधाम यात्रा के अंतर्गत बद्रीनाथ एवं केदारनाथ धाम में विशेष पूजा शुल्क वृद्धि में पुनर्विचार किए जाने एवं केदारनाथ में सोना एवं दंड चोरी मामले की जांच को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून को सौंपे राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा चारधाम यात्रा के दौरान बद्रीनाथ मंदिर एवं केदारनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के शुल्क में की गई वृद्धि से श्रद्धालुओं में व्यापक असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, श्रद्धा एवं सनातन परंपरा का प्रतीक है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिस्थितियों में यात्रा कर भगवान के दर्शन हेतु आते हैं। ऐसे में विशेष पूजा शुल्क में अत्यधिक वृद्धि करना श्रद्धालुओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की व्यवस्था आम श्रद्धालुओं की पहुंच में रहनी चाहिए। अत्यधिक शुल्क निर्धारण से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालु विशेष पूजा से वंचित हो सकते हैं, जो कि सामाजिक एवं धार्मिक दृष्टि से उचित नहीं है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने केदारनाथ धाम में धर्म दंड चोरी का मामला उठाते हुए कहा कि केदारनाथ धाम का धर्म दंड चोरी होने का मामला सामने आया है, इससे पूर्व भी श्री केदारनाथ में सोना चोरी होने का मामला सामने आया था,इन दोनों मामलों पर मन्दिर समिति खामोश है। यह मामले सनातन धर्म की आस्था पर सबसे बड़ा हमला हैं जिसकी निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/09 मार्च 2026