राज्य
09-Mar-2026
...


:: डीएवीवी के तक्षशिला परिसर में खुला इंदौर का दूसरा नेक्स्ट जेनरेशन पोस्ट ऑफिस; कैफेटेरिया लुक में मिलेगी हर सुविधा :: इंदौर (ईएमएस)। भारतीय डाक विभाग ने युवाओं की दुनिया और तकनीक को अपनाते हुए डाकघर की परिभाषा बदल दी है। इंदौर के आईआईएम के बाद, अब देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के तक्षशिला परिसर में भी नेक्स्ट जेनरेशन पोस्ट ऑफिस (Gen Z Post Office) का भव्य आगाज हो गया है। सोमवार, 09 मार्च 2026 को पोस्टमास्टर जनरल (इंदौर क्षेत्र) प्रीती अग्रवाल, कुलपति डॉ. राकेश सिंघई और सुश्री सिध्दयानी पाटनी (पूर्व संयुक्त सचिव, एमपीसीए) ने इस हाई-टेक डाकघर का उद्घाटन किया। प्रवर अधीक्षक डाकघर (इंदौर नगर संभाग), शिवांसु कुमार ने बताया कि इस डाकघर का उद्देश्य कॉलेज के विद्यार्थियों को डाक सेवाओं से भावनात्मक रूप से जोड़ना है। इसे किसी पारंपरिक सरकारी कार्यालय के बजाय एक आधुनिक कैफेटेरिया जैसा लुक दिया गया है। यहाँ विद्यार्थी डिजिटल डाक सेवाओं का लाभ तो ले ही सकेंगे, साथ ही चाय-कॉफी डिस्पेंसर, लूडो, स्लिंगो और शतरंज जैसे इनडोर गेम्स के साथ अपना तनाव भी कम कर सकेंगे। यहाँ पुस्तकों, पत्रिकाओं और समाचार-पत्रों का विशेष कॉर्नर भी तैयार किया गया है। :: विश्वकप जीत की यादों को मिला विशेष आवरण :: कार्यक्रम के दौरान भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के टी-20 विश्वकप 2026 की ऐतिहासिक जीत को संजोने के लिए डाक विभाग द्वारा एक विशेष आवरण का अनावरण भी किया गया। साथ ही, सुकन्या समृद्धि योजना के लाभार्थियों को पासबुक का वितरण कर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया गया। उद्घाटन अवसर पर कुलपति डॉ. राकेश सिंघई ने डाक विभाग के इस नवाचार की सराहना की। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. प्रज्जवल खरे, सहायक कुलसचिव विष्णु नारायण मिश्रा सहित डाक विभाग के अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उर्मिला सैनी ने किया और आभार रीता गर्ग (उपअधीक्षक डाकघर, इंदौर नगर संभाग) द्वारा व्यक्त किया गया। :: Gen Z पोस्ट ऑफिस में क्या है खास? :: रीड, रिलैक्स और कनेक्ट : कैफे जैसी आरामदायक बैठक व्यवस्था। एंटरटेनमेंट ज़ोन : लूडो, शतरंज और स्लिंगो जैसे इनडोर गेम्स। डिजिटल हब : एक ही छत के नीचे सभी आधुनिक डाक सेवाएं। नॉलेज कॉर्नर : पत्र-पत्रिकाओं और किताबों का बेहतरीन संग्रह। प्रकाश / 09 मार्च 2026