दोषियों को शीघ्र फांसी देने या एनकाउंटर करने की मांग की भोपाल(ईएमएस)। दिल्ली के उत्तम नगर में होली के पर्व पर दलित समाज के 26 वर्षीय युवक तरुण खटीक की कथित तौर पर 40 से 50 लोगों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से भोपाल सहित पूरे खटीक एवं हिन्दू समुदाय में गहरा आक्रोश है। इस घटना को लेकर सोमवार को खटीक समाज एवं अन्य हिन्दू संगठनों द्वारा भोपाल के श्री कालका मंदिर, कालीघाट में कैंडल मार्च एवं आक्रोश सभा आयोजित कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही दोषियों को शीघ्र फांसी देने तथा उनके विरुद्ध एनकाउंटर की कार्रवाई करने की मांग की गई। विभिन्न संगठनों के अध्यक्षों एवं साधु संतों ने कहा कि यह केवल एक व्यक्तिगत हत्या नहीं है, बल्कि समाज में उत्पन्न हो रहे अपराध, सामाजिक असमानता और जातिगत भेदभाव की गंभीर चेतावनी है। इस घटना ने केवल पीड़ित परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे समुदाय को भय, असुरक्षा और आक्रोश की भावना में डुबो दिया है। यह घटना समाज की समानता, न्याय और सुरक्षा की नींव पर सीधे प्रहार है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों को समय पर दंडित नहीं किया गया, तो इससे समाज में अराजकता, कानून की अवहेलना और समाजिक द्वेष बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि केवल कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि सख्त और निर्णायक कदम उठाए जाएँ ताकि अपराधियों को स्पष्ट संदेश मिले कि समाज में इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर, खटीक समाज महासभा के अध्यक्ष सन्नी राठौर खटीक, खटीक समाज महासभा के सचिव नितिन राठौर, हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, जय माँ भवानी संगठन के महंत जी, भाजपा नेता विजय गुप्ता, विकास मिश्रा, श्रीमती छाया खटीक, हरिओम खटीक, रोहित खटीक, शुभम खटीक सहित बड़ी संख्या में खटीक समाज, साधु संत, एवं हिन्दु संगठनों ने दोषियों को शीघ्र दंडित करने की मांग की। हरि प्रसाद पाल / 07 मार्च, 2026