राज्य
09-Mar-2026


* राजकोट रहा सबसे गर्म शहर, अहमदाबाद में 41.2 डिग्री; 9–11 मार्च तक कई जिलों में लू की चेतावनी दी अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में सर्दी की विदाई के बाद अब गर्मी तेजी से अपना असर दिखाने लगी है। गर्मी की शुरुआत में ही राज्य के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दिन के समय तेज गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात में हल्की ठंडक का अहसास बना हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हीटवेव (लू) की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अहमदाबाद डिवीजन के अनुसार आज से अगले तीन दिनों तक गुजरात के कई हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक कच्छ के साथ उत्तर गुजरात के बनासकांठा, पाटण, गांधीनगर और मेहसाणा में लू का असर रहेगा। वहीं मध्य गुजरात में अहमदाबाद और वडोदरा, जबकि सौराष्ट्र क्षेत्र के सुरेंद्रनगर, मोरबी, राजकोट, अमरेली, बोटाद, भावनगर, जूनागढ़ और पोरबंदर जिलों में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। दक्षिण गुजरात के भरूच और सूरत जिलों में भी गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 मार्च के बीच इन जिलों में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके अलावा गुजरात के समुद्री तटवर्ती जिलों में 13 मार्च तक गर्म और नमी वाला मौसम बने रहने का अनुमान है। अगर आज के अधिकतम तापमान की बात करें तो राज्य के 9 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें राजकोट 41.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर रहा। अहमदाबाद में 41.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा डीसा में 41.1 डिग्री, कांडला में 41.4 डिग्री, गांधीनगर में 40.6 डिग्री, वडोदरा में 40.4 डिग्री, भुज में 40.4 डिग्री और सूरत में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सतीश/09 मार्च