नई दिल्ली (ईएमएस)। लग्जरी कार निर्माता कंपनी फेरारी अपनी नई सुपरकार फेरारी 849 टेस्टरोसा को 14 मार्च को भारत में लॉन्च करने जा रही है। शानदार डिजाइन और दमदार क्षमता के कारण यह कार लग्जरी स्पोर्ट्स कार सेगमेंट में खास पहचान बना सकती है। इस कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 10.37 करोड़ रुपये बताई जा रही है। नई फेरारी 849 टेस्टरोसा में उन्नत हाइब्रिड तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें 4 लीटर का ट्विन-टर्बो वी 8 पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसके साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटर जोड़ी गई हैं। पेट्रोल इंजन अकेले लगभग 830 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता है, जबकि तीनों इलेक्ट्रिक मोटरों के साथ इसकी कुल शक्ति करीब 1050 हॉर्सपावर तक पहुंच जाती है। इसमें 8-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। कंपनी के अनुसार यह कार सिर्फ 2.3 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी अधिकतम रफ्तार लगभग 330 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्राएड ऑटो जैसी कनेक्टिविटी सुविधाएं भी दी गई हैं, जिससे यह कार तकनीक और प्रदर्शन दोनों के मामले में बेहद खास बन जाती है। कार में 7.45 केडब्ल्यूएच की बैटरी भी दी गई है, जिसकी मदद से यह लगभग 16 से 25 किलोमीटर तक केवल इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है। सुदामा/ईएमएस 10 मार्च 2026