राज्य
10-Mar-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र की परिवहन राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने विधान परिषद में कहा कि 1,300 इलेक्ट्रिक बसों के बजाय, इस साल बेस्ट को केवल 685 बसें मिलेंगी। वह शिवसेना (यूबीटी) विधायक सुनील शिंदे के एक प्रश्न का जवाब दे रही थीं। दरअसल सुनील शिंदे ने इलेक्ट्रिक वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बेस्ट से सीएनजी बसें खरीदने की मांग की थी। मंत्री मिसाल ने कहा कि मुंबई की आबादी और यात्रियों की आवश्यकता को देखते हुए, शहर को कम से कम 10,000 बसों की जरूरत है। इसके लिए, बेस्ट ने 6,555 बसों की आपूर्ति के लिए विभिन्न ठेकेदारों को कार्य आदेश दिए थे। चूंकि ठेकेदार समय पर बसों को वितरित करने में असमर्थ थे, इसलिए बस सेवाओं को अपेक्षित सीमा तक नहीं बढ़ाया जा सका। स्क्रैपिंग पॉलिसी के अनुसार, बेस्ट के स्वामित्व वाली बसों की संख्या में कमी आई है क्योंकि हर 15 साल में बसों को स्क्रैप किया जाता है। उन्होंने कहा कि अभी 2,558 लीज़ पर ली गई बसें उपलब्ध हैं। मालूम हो कि राज्य सरकार ने दिसंबर 2024 में शीतकालीन सत्र के दौरान घोषणा की थी कि बेस्ट के बेड़े में जल्द ही 1,300 इलेक्ट्रिक बसें (ई-बसें) जोड़ी जाएंगी। राज्य सरकार की यह घोषणा ऐसे समय में हुई थी जब बेस्ट के अपनाए गए वेट-लीज़ मॉडल की काफी आलोचना हुई थी। सूत्रों ने कहा कि बेस्ट को इन इलेक्ट्रिक बसों को खरीदने के लिए 15वें वित्त आयोग से 498 करोड़ रुपये मिलने वाले थे। संजय/संतोष झा- १० मार्च/२०२६/ईएमएस