व्यापार
10-Mar-2026
...


- सेंसेक्स 400 अंक उछला, निफ्टी 24200 के पार मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख और वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने के संकेतों ने निवेशकों के भरोसे को बढ़ाया। खास तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से ईरान से जुड़े संघर्ष के समाप्त होने के संकेत मिलने से वैश्विक बाजारों में राहत का माहौल बना, जिसका असर भारतीय बाजारों पर भी देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत में तीस शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स मजबूती के साथ 78,375 अंक पर खुला। इससे पहले सोमवार को यह 77,566 अंक पर बंद हुआ था। शुरुआती कारोबार में बाजार में अच्छी खरीदारी देखी गई। सुबह शुरुआत के बाद सेंसेक्स 411.89 अंकों की बढ़त के साथ 77,978.05 अंक पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह राष्ट्रीय स्तर का दूसरा प्रमुख सूचकांक ‎निफ्टी 50 भी बढ़त के साथ खुला। निफ्टी 24,280 अंक पर खुला और खुलते ही 24,300 अंक के स्तर को पार कर गया। हालांकि थोड़ी देर बाद इसमें हल्का उतार-चढ़ाव देखा गया। सुबह शुरुआत के बाद निफ्टी 125 अंकों की बढ़त के साथ 24,200 अंक के आसपास कारोबार कर रहा था। बाजार में तेजी का मुख्य कारण वैश्विक संकेतों के साथ-साथ कुछ सेक्टरों में मजबूत खरीदारी रहा। एविएशन और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी, जिससे बाजार को अच्छा सपोर्ट मिला। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक परिस्थितियां इसी तरह अनुकूल बनी रहती हैं तो आने वाले सत्रों में बाजार में सकारात्मक रुझान जारी रह सकता है। वहीं निवेशक फिलहाल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और आर्थिक संकेतकों पर नजर बनाए हुए हैं। सतीश मोरे/10मार्च ---