- सोमवार को रुपया 39 पैसे टूटकर डॉलर के मुकाबले 92.21 पर बंद हुआ था मुंबई (ईएमएस)। वैश्विक तेल कीमतों में गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 92.14 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 91.92 पर खुला और कुछ ही देर में यह 92.14 प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था। यह पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की मजबूती दर्शाता है। सोमवार को रुपया 39 पैसे टूटकर डॉलर के मुकाबले 92.21 पर बंद हुआ था, जो इसका अब तक का सबसे निचला बंद स्तर है। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और डॉलर की मजबूती से रुपये में बड़ी कमजोरी आई थी। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि मंगलवार को कमजोर डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत से रुपये को समर्थन मिला। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की भारी बिकवाली के कारण इसकी तेजी सीमित रही। सतीश मोरे/10मार्च ---