क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने विशेष अभियान चलाते हुए लगभग 20 लाख रुपये कीमत के 100 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द किया। पुलिस द्वारा प्राप्त आवेदनों के आधार पर गुम मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड, दिल्ली और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए 100 मोबाइल फोन विभिन्न कंपनियों के हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। मोबाइल बरामदगी के दौरान साइबर यूनिट की टीम ने तकनीकी जांच के माध्यम से वर्तमान में मोबाइल उपयोग कर रहे लोगों से संपर्क किया और उन्हें मोबाइल गुम होने की जानकारी देकर साइबर सेल रायपुर में जमा कराने के लिए कहा। कई मामलों में मोबाइल धारकों ने स्वयं ही कुरियर के माध्यम से मोबाइल फोन भेजकर पुलिस को सौंपा। रायपुर पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 300 गुम मोबाइल फोन (लगभग 60 लाख रुपये कीमत) बरामद कर उनके स्वामियों को वापस किया जा चुका है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत www.ceir.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें तथा नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें, ताकि मोबाइल का दुरुपयोग किसी अपराध में न हो सके। साथ ही मोबाइल फोन को हमेशा पासवर्ड से सुरक्षित रखने और किसी भी लावारिस मोबाइल मिलने पर उसे तुरंत नजदीकी थाना या साइबर सेल में जमा कराने की अपील की गई है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/11 मार्च 2026