ग्वालियर ( ईएमएस ) । शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनविरोधी नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश की जनता गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान है। व्यवसायिक गैस सिलेंडर बंद कर दिए गए हैं और घरेलू सिलेंडर मंगाने की अवधि 30 दिन कर दी गई है। ऐसे में अगर किसी परिवार का सिलेंडर समय से पहले खत्म हो जाए तो वह अपने परिवार के लिए रोटी कैसे बनाएगा? शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी इजरायल दौरे पर थे, तब उन्हें अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और संभावित युद्ध की जानकारी थी। इसके बावजूद देश में गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडारण क्यों नहीं किया गया? आज आम जनता गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर है। इंडियन गैस और भारत गैस जैसी कंपनियों के ऑनलाइन नंबर बंद हैं या फोन नहीं उठाया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री मोदी ने पहले देश की जनता से थाली बजवाई गई और टॉर्च-मोमबत्ती जलवाई गई, और अब हालात ऐसे बन गए हैं कि गैस की कमी के कारण लोगों को अपने घरों में चूल्हा बनाकर कोयले की सिगड़ी जलाने की नौबत आ रही है। यह सरकार की नाकामी और जनविरोधी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक सिलेंडर बंद होने से होटल, ढाबा, और शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में भी भारी बाधा उत्पन्न होगी। ठेले-खोमचे लगाकर खाने-पीने की चीजें बेचने वाले छोटे व्यापारियों का कारोबार ठप्प हो जाएगा, उनके परिवार पर भरण पोषण का संकट पैदा हो जाएगा। आने वाले समय में महंगाई और बढ़ेगी तथा आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ेंगी। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यही स्थिति रही तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता भी प्रभावित हो सकती है और आम नागरिक को साइकिल चलाने तक मजबूर होना पड़ सकता है। अब समय आ गया है कि लोग जागें और ऐसी जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दें। अगर भाजपा की नीतियों पर भरोसा करते रहे तो आम आदमी की रसोई और जेब दोनों खाली हो जाएँगी। जनता को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी।