रायपुर (ईएमएस)। नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा आज जोन क्रमांक 4 के अंतर्गत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के आसपास संचालित पान दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ कॉलेज, संत कंवरराम स्कूल और हिंदू हाई स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास संचालित पान दुकानों की जांच की गई। इस दौरान दुकानों में बिक्री के लिए रखे गए गुटखा, तंबाकू, सिगरेट और पान मसाला जैसे नशीले पदार्थों के कई पाउच व पैकेट मौके पर ही जब्त किए गए। यह कार्रवाई शासन के कोटपा एक्ट के प्रावधानों के तहत नगर निगम जोन 4 के नगर निवेश विभाग की टीम तथा निगम मुख्यालय के उड़नदस्ता दल द्वारा संयुक्त रूप से की गई। इस दौरान संबंधित पान दुकान संचालकों को भविष्य में स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री न करने की कड़ी चेतावनी दी गई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/11 मार्च 2026