खूंटी(ईएमएस)।जिला जल एवं स्वच्छता समिति खूंटी द्वारा जिले में आठ मार्च से 22 मार्च तक जल महोत्सव पखवाड़ा मनाया जा रहा है।इसके तहत बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुरूआत मुख्य अतिथि उपायुक्त आर रॉनिटा ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर उपायुक्त आर रॉनिटा ने सभी को विश्व प्लंबर दिवस की शुभकामनाएं दी।उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में प्लंबरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्लंबर और जल सहिया की भूमिका अहम है।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लंबरों को उपायुक्त ने सम्मानित किया।उन्होंने प्लंबरों को किट प्रदान किया।वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहियाओं को भी सम्मानित किया। उपायुक्त ने विलेज वॉटर सैनिटेशन कमिटी में जल सहिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और बेहतर संचालन करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर सभी प्लंबर, पंप होल्डर और इलेक्ट्रीशियन को प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।उन्हें जल जीवन मिशन, ग्राम स्तरीय जल आपूर्ति प्रणाली का संचालन और रख-रखाव, गांव के प्लंबर की भूमिका, पाइप लाइन लीकेज की मरम्मत, नल कनेक्शन ठीक करने तथा ग्रामीण जल आपूर्ति प्रणाली के विभिन्न घटकों के बारे में जानकारी दिया गया। कार्यक्रम में जल सहियाओं ने अपने कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों के साथ-साथ व्यवस्था को और बेहतर बनाने हेतु अपने अनुभवों को साझा किया।मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ शिशिर कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील, जिला शिक्षा पदाधिकारी अपरूपा पॉल चौधरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल मनीष कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। कर्मवीर सिंह/11मार्च/26