इन्दौर (ईएमएस) ग्रीष्म कालीन अवकाश के मद्देनजर पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने इंदौर से चलने वाली इंदौर-नई दिल्ली त्रि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हिसार तक संचालित करने का निर्णय लिया है। रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार आज 11 मार्च से इंदौर-हिसार त्रि-साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब इंदौर से शाम 16.45 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9.20 बजे हिसार पहुंचेगी। वहीं 12 मार्च से हिसार से चलने वाली हिसार-इंदौर ट्रेन हिसार से दोपहर 13.20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6.45 बजे इंदौर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की जगह दिल्ली सफदरगंज किया गया है। वहीं इस इस ट्रेन का दोनों दिशाओं में शकूरबस्ती, हांसी स्टेशनों पर भी ठहराव रहेगा। रेलवे ने रेल यात्रा करने वालों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पहले एक बार समय सारिणी अवश्य देखें। आनंद पुरोहित/ 11 मार्च 2026