खरगोन (ईएमएस)। महिला एवं बाल विकास परियोजना, भगवानपुरा अंतर्गत सेक्टर धुलकोट के आंगनवाड़ी केंद्र केलीअंबा भुलवान्या में पदस्थ आंगनवाड़ी सहायिका भूरी जाधव की सेवा निरंतर तीन माह तक बिना सूचना के अनुपस्थित रहने के कारण समाप्त कर दी गई है। भगवानपूरा परियोजना अधिकारी नंदराम चौहान ने बताया गया कि संबंधित आंगनवाड़ी सहायिका माह दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक बिना किसी पूर्व सूचना के आंगनवाड़ी केंद्र से अनुपस्थित पाई गई। इस दौरान विभाग द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया, किंतु सहायिका द्वारा न तो निर्धारित समय.सीमा में जवाब प्रस्तुत किया गया और न ही कर्तव्य स्थल पर उपस्थिति दर्ज कराई गई। उक्त स्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए नियमानुसार तीन माह का मानदेय काटने के उपरांत, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/ सहायिका भर्ती नियम 2025 के अंतर्गत सक्षम अधिकारी की अनुशंसा पर 10 मार्च 2026 को सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया गया। ईएमएस / 11/03/2026