खरगोन (ईएमएस)। जिले के सनावद थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां ग्राम मलगांव भोमवाड़ा के बीच स्थित खेत के कुएं में तीन बच्चों के शव देखे जाने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महज ढाई, 4 वर्ष और 20 दिन के बच्चे का शव कुएं में मिलने के बाद हत्या की आशंकाएं जता रही है। घटना के समय पिता मजदूरी पर गया था, जबकि मां घर पर थी। ऐसी स्थिति में मां के बयान भी संदेह को जन्म दे रहे है। जिससे तरह- तरह की चर्चाएं गर्म है। घटना की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने भी मामले को संदिग्ध बताते हुए जल्द खुलासे की बात कही है।मृतक बच्चों के पिता कालू ने बताया बलिराम भमोरिया के खेत में बने मकान पर गेहूं काटने के लिए खंडवा जिले के खालवा ब्लॉक से आए है। पिछले 8-10 दिन से खेत में रह रहे थे। सुबह 7 बजे में गेहूं काटने चला गया था। पत्नि नानीबाई तीन बच्चों के साथ घर पर थी। सुबह करीब 10 बजे मोबाइल पर सूचना मिली कि बच्चे कुएं में डूब गए। महिला बोली बच्चों को बचाने का किया प्रयास दुधमुंहे बच्चे के साथ ही छोटे बच्चों के कुएं में गिरना किसी गुत्थी से कम नही है। यह गुत्थी सुलझाने के लिए एसडीओपी अर्चना रावत ने बच्चों की मां नानी बाई से पूछताछ करने पर पुलिस को बताया कि करन और अर्जुन खेलते हुए कुएं में गिर गए, जिन्हें बचाने के प्रयास में गोद का दुधमुंहा बच्चा भी गिर गया। तीनों को बचाने मैनें भी कुएं में छलांग लगाई, लेकिन बचा नही पाई। हालांकि महिला का यह बयान पुलिस के गले नही उतर रहा। बच्चों के शव खटिया डालकर ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया। - कुएं में तीन बच्चों के शव मिले है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर विवेचना कर रहे है। पूछताछ चल रही है, कुछ तथ्य सामने आए है। तथ्यों की पुष्टि होने के बाद मामले का खुलासा करेंगे। - एसपी रविंद्र वर्मा ईएमएस / 11/03/2026