ग्वालियर ( ईएमएस ) | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देष पर अति0 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल,भापुसे एवं सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में आज दिनांक 10.03.2026 को थाना हजीरा क्षेत्रांतर्गत वीरांगना झलकारी बाई शासकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं बाल संरक्षण से संबंधित विषयों पर जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर, थाना ग्वालियर से उपनिरीक्षक पूनम कटारे, महिला आरक्षक शिवलता सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक पूनम कटारे द्वारा छात्राओं को घर से भाग जाने के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव तथा अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन बातचीत के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें तथा किसी के प्रलोभन में आकर उनसे मिलने न जाएं। कार्यक्रम में छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, बालिकाओं एवं महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों, साइबर क्राइम एवं साइबर फ्रॉड के संबंध में भी जागरूक किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि अपने फोटो या वीडियो किसी अनजान व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि इसका दुरुपयोग किया जा सकता है। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। साथ ही छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर हेल्पलाइन एवं पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, सुरक्षा, पारिवारिक स्थिति तथा भविष्य से जुड़े विचारों के बारे में जानकारी प्राप्त की और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहते हुए शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल सुरक्षा, बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के विरुद्ध संदेश देना तथा बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समाज में जनजागरूकता बढ़ाना रहा। ग्वालियर पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज में सुरक्षा और जागरूकता का वातावरण सुदृढ़ हो सके।