करीब एक करोड़ रुपये के दुरुपयोग की जांच की मांग बालाघाट (ईएमएस).जिले के जनपद पंचायत परसवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत परसवाड़ा में आर्थिक अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्राम पंचायत के वार्ड पंच ने जिला मुख्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत परसवाड़ा के वार्ड पंच द्वारका बंशपाल ने आरोप लगाया है कि पंचायत में पिछले कई वर्षों से बाजार नीलामी, कांजी हाउस, नल-जलकर और अन्य मदों की राशि में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने शिकायत में कहा है कि इन मदों से प्राप्त होने वाली राशि का सही तरीके से हिसाब-किताब नहीं किया गया और करीब एक करोड़ रुपये तक की राशि का दुरुपयोग किया गया है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं प्रशासन से जल्द जांच कर पंचायत में हो रही अनियमितताओं को उजागर करने और सरकारी राशि के दुरुपयोग पर रोक लगाने की अपील की गई है। भानेश साकुरे / 11 मार्च 2026