नर्मदापुरम (ईएमएस)। नर्मदापुरम जिले में अचल संपत्तियों के बाजार मूल्य की दरों के निर्धारण के संबंध में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदा पुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा, मध्य प्रदेश तैराकी संघ अध्यक्ष श्री पीयूष शर्मा, जनपद पंचायत नर्मदापुरम अध्यक्ष श्री भूपेंद्र चौक से, वरिष्ठ जिला पंजीयक श्री राजीव सोरते सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में समिति के सभी संबंधित सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान अनुभाग स्तर पर गठित उप जिला मूल्यांकन समितियों से प्राप्त प्रस्तावों एवं दरों पर विस्तृत चर्चा एवं विश्लेषण किया गया। विचार-विमर्श के उपरांत समिति द्वारा सर्वसम्मति से प्राप्त प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए अचल संपत्तियों की प्रस्तावित गाइडलाइन दरों को केन्द्रीय मूल्यांकन समिति भोपाल को भेजने से पूर्व आमजन के अवलोकन के लिए सार्वजनिक किया जाएगा। इस संबंध में प्रस्तावों को जिला नर्मदापुरम के समस्त उप पंजीयक कार्यालयों तथा जिला पंजीयक कार्यालय में रखा गया है। आम नागरिक इन प्रस्तावित दरों का अवलोकन कर सकते हैं तथा यदि किसी प्रकार की आपत्ति अथवा दावा प्रस्तुत करना हो तो वे 12 मार्च 2026 से 17 मार्च 2026 तक कार्यालयीन समय में संबंधित कार्यालयों में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के परीक्षण के पश्चात अंतिम प्रस्ताव केन्द्रीय मूल्यांकन समिति भोपाल को भेजा जाएगा। ईएमएस / 11/03/2026