बालाघाट (ईएमएस).जिले के रूपझर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोंडी बैगाटोला निवासी 28 वर्षीय युवक की सडक़ हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक देर रात मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहा था, तभी अज्ञात परिस्थितियों में हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम पोंडी बैगाटोला निवासी योगेश पिता चमरूलाल ठाकरे (28) उकवा माइंस में कार्यरत था। बताया गया है कि वह मंगलवार देर रात अपने गांव से मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में वह सडक़ हादसे का शिकार हो गया और घायल अवस्था में सडक़ किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने उसे घायल हालत में देखकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बालाघाट लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार हादसा कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। अस्पताल पुलिस चौकी ने बुधवार 11 मार्च को शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की अग्रिम जांच के लिए डायरी संबंधित रूपझर थाना भेज दी है। भानेश साकुरे / 11 मार्च 2026