क्षेत्रीय
11-Mar-2026


कार का दरवाजा तोडकऱ घायलों को निकाला बाहर बालाघाट (ईएमएस). जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र में सेवती-भानेगांव मार्ग पर देर रात तेज रफ्तार कार नहर के पुल से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और राहगीरों की मदद से कार का दरवाजा खोलकर दोनों को बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार बालाघाट-लांजी मार्ग पर सेवती और भानेगांव के बीच नहर के पुल के पास बीती रात करीब दो बजे यह दुर्घटना हुई। डायल 112 पुलिस किरनापुर को रात्रि गश्त के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने सूचना दी कि एक कार पुल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही आरक्षक कपिल सिंह बघेल और चालक रविंद्र भंडारकर एफआरवी वाहन से तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां कार का दरवाजा अंदर से फंसा हुआ था। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दरवाजा खोलकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर पहुंचाया। अस्पताल में घायल राजू पिता माधवराव कोसरे का उपचार जारी है। वहीं दूसरे घायल दीपक उर्फ रजत पिता स्वर्गीय गोपीचंद सोनवाने (32) निवासी वार्ड क्रमांक 1 बूढ़ी, बालाघाट को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। भानेश साकुरे / 11 मार्च 2026