वारासिवनी से किया गया था जिला अस्पताल रेफर बालाघाट (ईएमएस). जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम तुमड़ीटोला सावंगी में कीटनाशक दवा का छिडक़ाव करने के बाद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम तुमड़ीटोला सावंगी निवासी धूपलाल पिता लखनलाल सहारे (43) मंगलवार को खेत में कीटनाशक दवा का छिडक़ाव करने गया था। दोपहर में घर लौटने के बाद वह आराम करने के लिए बिस्तर पर लेट गया। शाम के समय जब परिजनों ने उसे उठाने की कोशिश की तो वह बेहोशी की हालत में मिला। इसके बाद परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए वारासिवनी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बालाघाट रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी ने बुधवार 11 मार्च को शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना के लिए डायरी वारासिवनी थाना भेज दी है। भानेश साकुरे / 11 मार्च 2026