क्षेत्रीय
11-Mar-2026
...


फरार आरोपी बेटे की तलाश में जुटी पुलिस बालाघाट (ईएमएस). जिले के बिरसा थाना क्षेत्र के सलघट गांव में खेत जाने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। लकड़ी से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 58 वर्षीय पिता की बाद में मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी बेटे की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 9 मार्च की रात की है। सलघट गांव निवासी मनुसिंह मेरावी (58) का अपने मंझले बेटे हुमनसिंह से खेत न जाने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर हुमनसिंह ने अपने पिता के सिर पर लकड़ी से जोरदार वार कर दिया। हमले में मनुसिंह के सिर से काफी खून बहने लगा। घटना के बाद परिजनों ने रात में ही उनकी मरहम-पट्टी कर दी थी, लेकिन मंगलवार सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बिरसा पुलिस मौके पर पहुंची और बालाघाट से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार शाम होने के कारण पोस्टमार्टम 11 मार्च को किया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना के बाद से फरार आरोपी बेटे हुमनसिंह की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है। भानेश साकुरे / 11 मार्च 2026