क्षेत्रीय
12-Mar-2026
...


राजगढ़(ईएमएस) प्रधानमंत्री राहत योजना की समीक्षा बैठक कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी की उपस्थिति में गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में योजना के क्रियान्वयन और दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की दैनिक आधार पर समीक्षा और विश्लेषण किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि जो अस्पताल अभी तक योजना में नामांकित नहीं हैं, उन्हें शीघ्र योजना से जोड़ा जाए। इस कार्य को सुनिश्चित करने के लिए सभी एसडीएम एवं एसडीओपी को जिम्मेदारी दी गई। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि आयुष्मान मित्रों के नाम प्रत्येक थाने में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किए जाएं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को तुरंत सहायता मिल सके। साथ ही बताया कि सभी बीएमओ को पोर्टल से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि योजना का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो सके। बैठक के दौरान जीरापुर और जिला अस्पताल के कुछ बीएमओ को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई भी दी गई। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार सभी स्वास्थ्य संस्थान योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर लाभ मिल सके।-निखिल/राजगढ़/12/3/2026