शिवपुरी ( ईएमएस ) शहर में गुरुवार सुबह एसपी कोठी के सामने एक बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे ऋषभ रावत की मौके पर ही मौत हो गई । जानकारी के अनुसार, यह टक्कर सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुई। ऑटो चालक ओमप्रकाश करन सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड से दो सवारियों को लेकर पोहरी बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। उनके साथ उनका परिचित हक्का खान भी ऑटो में बैठा था। जैसे ही ऑटो एसपी कोठी के सामने पहुंचा, सामने से आ रही एक बाइक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक एक नाबालिग चला रहा था और उसके साथ एक अन्य युवक भी बैठा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार और ऑटो में बैठे लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद, ऑटो चालक ओमप्रकाश करन घायल किशोर और हक्का खान को जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बाइक चला रहे नाबालिग ऋषभ रावत को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच शुरू कर दी है।