व्यापार
13-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। डिजिटल पेमेंट कंपनी रेजरपे ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित एक नया प्लेटफॉर्म पेश किया है, जिसका उद्देश्य कारोबारों के भुगतान ढांचे के निर्माण और प्रबंधन के तरीके को बदलना है। कंपनी ने अपने वार्षिक कार्यक्रम रेजरपे एफटीएक्स 2026 में दुनिया का पहला एजेंट स्टू‎डिया लॉन्च किया, जो एआई एजेंट्स के माध्यम से पेमेंट ऑपरेशन्स को अधिक स्मार्ट और स्वचालित बनाने में मदद करेगा। यह प्लेटफॉर्म एंथ्रो‎पिक के क्लाउड एजेंट एसडीके पर आधारित है और इसे ऑनलाइन व्यापारियों को जोड़ने, भुगतान एकीकरण को आसान बनाने तथा संचालन प्रबंधन को सरल बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कंपनी ने इसके साथ एक नई एजेंटिक एक्सपीरियंस लेयर भी पेश की है, जो व्यवसायों को अपने भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से संभालने में सक्षम बनाएगी। रेजरपे के एक अ‎धिकारी ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि आज कारोबारों को केवल अधिक सॉफ्टवेयर की जरूरत नहीं है, बल्कि ऐसी बुद्धिमान तकनीक की आवश्यकता है जो खुद काम कर सके। उनके अनुसार एजेंट स्टू‎डियो के जरिए कंपनियां ऐसे एआई एजेंट्स तैनात कर सकेंगी जो उनके राजस्व प्रवाह को समझने और उसकी निगरानी करने के साथ-साथ भुगतान से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी कर सकेंगे। ये एजेंट अरबों लेनदेन का रियल-टाइम विश्लेषण भी करने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य यह है कि व्यवसाय अपने विकास पर ध्यान केंद्रित करें, जबकि भुगतान से जुड़े तकनीकी काम पृष्ठभूमि में सहज रूप से चलते रहें। उनका मानना है कि यह तकनीक वित्तीय संचालन के एक नए चरण की शुरुआत है, जहां इंटेलिजेंट एजेंट्स टीमों के साथ मिलकर काम करेंगे। वहीं, एंथ्रो‎पिक इं‎डिया के अ‎धिकारी ने कहा कि एआई एजेंट्स राजस्व वसूली, विवाद समाधान और नकदी प्रवाह के पूर्वानुमान जैसी वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों को हल करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। सतीश मोरे/13मार्च ---