बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा विभिन्न मामलों में जब्त किए गए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया। ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में 757 किलो से अधिक गांजा सहित कई प्रकार के नशीले पदार्थों को भट्टी में जलाकर समाप्त किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय अटल नगर नवा रायपुर के निर्देशानुसार जिलों में जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण के लिए जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति का गठन किया गया है। इसी क्रम में बिलासपुर जिले में विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को विधिवत नष्ट करने की कार्रवाई की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस और अन्य संबंधित विभागों द्वारा जब्त मादक पदार्थों को सूची के अनुसार नष्टीकरण प्रक्रिया से गुजारा गया। इस दौरान कुल 67 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें 757.603 किलोग्राम गांजा, 16.6 ग्राम एमडीएमए, 12,164 नग टेबलेट और कैप्सूल, 8,818 नग इंजेक्शन एम्पुल तथा 6,468 नग सिरप शामिल थे। इन सभी मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्रवाई मोहतराई स्थित सुधा बॉयो पॉवर प्राइवेट लिमिटेड की भट्टी में की गई। इस दौरान मादक पदार्थों को विधिवत जलाकर तथा रोलर के माध्यम से पूरी तरह नष्ट किया गया, ताकि इनका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके। ये अधिकारी रहे शामिल नष्टीकरण की यह कार्रवाई उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस अवसर पर समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी तथा पंचगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। जब्त किए गए अवैध नशीले पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कर समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। मनोज राज 13 मार्च 2026