-FIR नहीं होने से भड़का गुस्सा सिंगरौली (ई एम एस) । जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र में रेत से लदे ट्रैक्टर ने एक 16 वर्षीय किशोरी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। आक्रोशित परिजन न्याय की मांग को लेकर शव को पुलिस अधीक्षक कार्यालय ले जाने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र की नवडीहवा चौकी अंतर्गत शुक्रवार 13 मार्च 2026 की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। रेत से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने 16 वर्षीय किशोरी साधना साकेत पिता रामबरन साकेत को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार साधना साकेत ग्राम नौडिहवा की रहने वाली थी और घटना के समय अपने ननिहाल ग्राम बड़गड़ा में मौजूद थी। बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 8:30 बजे जब वह गांव के पास से गुजर रही थी, उसी दौरान रेत से लदा एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार में आया और उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि नवडीहवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंचने के बाद भी मामले में एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल करती रही। इससे पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन लंबे समय से धड़ल्ले से चल रहा है। भारी-भरकम ट्रैक्टर और डंपर गांव की सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज परिजन और ग्रामीण मृत किशोरी का शव लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली जाने के लिए निकल पड़े, ताकि वहां न्याय की गुहार लगा सकें। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया और शव को आगे ले जाने से मना कर दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर क्षेत्र में चल रहे रेत के अवैध कारोबार पर समय रहते कार्रवाई की जाती, तो आज एक मासूम किशोरी की जान नहीं जाती। *ग्रामीणों की मांग* ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए। पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और न्याय दिया जाए।