- पोस्टमार्टम रूम के बाहर ‘परिजन विश्राम स्थल’ का निर्माण, नगर को मिला मर्चुरी फ्रीजर राजगढ़(ईएमएस)l मानव सेवा और सामाजिक संवेदनशीलता के लिए जानी जाने वाली संस्था भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की उप शाखा नरसिंहगढ़ द्वारा जनहित में की गई एक महत्वपूर्ण पहल इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।संस्था द्वारा शोकग्रस्त परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पोस्टमार्टम रूम के बाहर 20×30 फीट का विशाल शेड बनाकर “परिजन विश्राम स्थल” का निर्माण कराया गया है। यह कार्य उप शाखा नरसिंहगढ़ के अध्यक्ष एवं अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और निर्देशन में तथा जिला शाखा राजगढ़ के सचिव संजय शेखर शर्मा के विशेष प्रयासों से पूर्ण हुआ है। साथ ही पूर्व में पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिजनों को लंबे समय तक धूप, बारिश और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में खड़े रहकर इंतजार करना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती थी। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा यह मानवीय पहल की गई और पोस्टमार्टम रूम के बाहर एक सुसज्जित शेड का निर्माण कराया गया।जिसे “परिजन विश्राम स्थल” नाम दिया गया है। अब यहां परिजनों को बैठने और ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।जिससे उन्हें कठिन समय में कुछ राहत मिल सकेगी। इसी के साथ रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर में मर्चुरी फ्रीजर की व्यवस्था भी की गई है। अब तक नरसिंहगढ़ क्षेत्र में डेड बॉडी को सुरक्षित रखने के लिए ऐसी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण कई बार परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा नगर के लिए एक मर्चुरी फ्रीजर क्रय किया गया है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर शव को सुरक्षित रखा जा सकेगा। रेडक्रॉस सोसाइटी की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा सराहनीय कदम बताया है।संस्था के पदाधिकारी का कहना है कि रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य संकट और कठिन परिस्थितियों में लोगों की सहायता करना है और इसी भावना को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव श्री शर्मा ने बताया कि आने वाले समय में संपूर्ण राजगढ़ जिले में भी इस प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है ताकि आमजन को आवश्यकता के समय बेहतर सहयोग मिल सके -निखिल/राजगढ़/13/3/2026