क्षेत्रीय
13-Mar-2026
...


- बिहार से बिलासपुर पहुंचे परिजन, एसपी कार्यालय में की शिकायत बिलासपुर (ईएमएस)। कोटा स्थित डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय से बी-फार्मा का एक छात्र लापता हो गया है। पिछले 6 दिनों से वह गायब है, लेकिन अब तक पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन उसके बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाए हैं। इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार बिहार के गया जिले के महाबीर नगर डेल्हा निवासी रोहित कुमार विश्वविद्यालय में बी-फार्मा सेमेस्टर-3 का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार रोहित 6 मार्च 2026 से परिसर से लापता है। परिवार को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन 12 मार्च तक उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजन बिलासपुर पहुंचे और एसपी कार्यालय में शिकायत देकर मामले की गहन जांच की मांग की। पुलिस को व्हाट्सएप चैट व कॉल डिटेल्स सौंपीं लापता छात्र के परिजनों का कहना है कि रोहित हॉस्टल में कुछ सहपाठियों के साथ रहता था और उनके बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनती रहती थी। उन्होंने अपने आवेदन में हितेश पाण्डेय, सोहेल अली, पंकज कुमार, रश्मि वर्मा, ज्योति गुप्ता और अफाहिम लहरी समेत कुछ छात्रों के नाम का उल्लेख करते हुए उनकी भूमिका संदिग्ध बताई है। परिजनों ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल्स भी सौंपी हैं। कैंपस में कई जगहों पर नहीं लगे हैं कैमरे परिजनों ने बताया कि रोहित ने लापता होने से पहले अपनी मां को मैसेज कर हॉस्टल में अपनी जान को खतरा बताया था। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज किया। परिजनों का आरोप है कि परिसर के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। बाउंड्री वॉल भी जर्जर हालत में है। इतना ही नहीं, बेटे की तलाश में पहुंचे परिजनों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर अभद्रता व मारपीट का भी आरोप लगाया है। मनोज राज 13 मार्च 2026