क्षेत्रीय
13-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। नवयुवक कान्यकुब्ज विकास समिति द्वारा आयोजित पारंपरिक फाग महोत्सव का समापन शीतलाष्टमी के दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। बसंत पंचमी से प्रारंभ हुआ यह आयोजन होली की अष्टमी तक लगातार चलता रहा, जिसमें समाज के लोगों ने भक्ति और उल्लास के साथ भाग लिया। फाग महोत्सव के समापन अवसर पर हरदेव लाल मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ होला दहन किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने पूजा-अर्चना कर होलिका दहन में भाग लिया और सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। बसंत पंचमी से होली अष्टमी तक चला फाग उत्सव हर वर्ष की तरह इस बार भी फाग महोत्सव बसंत पंचमी से शुरू होकर होली की अष्टमी तक आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिदिन पारंपरिक फाग गायन और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। चार पीढिय़ों से निभाई जा रही परंपरा हरदेव लाल मंदिर में होलिका दहन की परंपरा अशोक दीक्षित के परिवार द्वारा निभाई जाती है, जो पिछले चार पीढयि़ों से चली आ रही है। समाज के लोगों ने इस परंपरा को बनाए रखने में परिवार के योगदान की सराहना की।कार्यक्रम में समाज के संरक्षक राम प्रसाद शुक्ला, अध्यक्ष अरविंद दीक्षित सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर फाग महोत्सव के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी इस परंपरा को जारी रखने का संकल्प लिया। मनोज राज 13 मार्च 2026