बिलासपुर (ईएमएस)। एसईसीएल की मेजबानी में 12 मार्च 2026 को वसंत विहार टाउनशिप स्थित वसंत क्लब में कोल इंडिया अंतर-कंपनी शतरंज प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन)बिरंची दास के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। 12 से 14 मार्च तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कोल इंडिया लिमिटेड की आठों अनुषंगी कंपनियों के साथ-साथ सिंगरेनी कॉलरीज कंपनी लिमिटेड के प्रतिभागी भी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर श्री बिरंची दास ने सभी खिलाडयि़ों को खेल भावना की शपथ दिलाते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य, योजना और निर्णय क्षमता का उत्कृष्ट संगम है। 64 खानों वाले शतरंज बोर्ड पर लिया गया हर निर्णय सोच-समझकर होता है, जो हमें अपने पेशेवर जीवन में भी बेहतर निर्णय लेने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम में श्रमसंघ प्रतिनिधियों में एसईसीएल कल्याण मंडल के सदस्य बजरंगी शाही सहित मुख्यालय के विभिन्न विभागाध्यक्ष, संयुक्त परामर्श समिति और क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य, विभिन्न परिषदों व संघों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, जबकि छत्तीसगढ़ का पारंपरिक कर्मा नृत्य और ओडिसी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने समां बांध दिया। स्वागत भाषण जी. श्यामला राव ने दिया, मंच संचालन शेख जाकिर हुसैन ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन विवेक कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया। मनोज राज 13 मार्च 2026