राष्ट्रीय
13-Mar-2026


पटना (ईएमएस)। देश में एलपीजी गैस संकट के बीच बिहार की रसोईघरों में भी परेशानी बनी हुई है। पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर सहित कई जिलों में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से लोग परेशान हैं। वहीं, अफवाहों और अनावश्यक बुकिंग के कारण एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें दिख रही हैं, जबकि ब्लैक में सिलेंडर 1500 रुपये तक बिक रहे हैं। वहीं, केंद्र सरकार लगातार आश्वासन दे रही है कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कोई बड़ा संकट नहीं है, लेकिन कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई हो रही है। पटना के दाउदपुर में झोपड़ी नुमा मकान से पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां घरेलू गैस की कालाबाजारी और ब्लैकमेलिंग के लिए रखे गए 111 गैस सिलेंडर जब्त किए थे। जहां विभिन्न कंपनियों के ये सिलेंडर अवैध रूप से स्टॉक किए गए थे। बता दें कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही गैस माफिया मौके से फरार हो गए, लेकिन उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं अररिया जिले के फारबिसगंज में भी प्रशासन ने कालाबाजारी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। पोखर बस्ती, वार्ड नंबर 15 के एक घर और दुकान पर एसडीएम की अगुवाई में छापेमारी की गई। यहां विभिन्न कंपनियों के 135 गैस सिलेंडर जब्त किए। एसडीएम ने बताया कि घरेलू गैस की कालाबाजारी की सूचना मिलने पर रेड की गई। जब्त सिलेंडरों को थाने भेज दिया गया है और आगे की जांच चल रही है। बिहार सरकार और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मध्य पूर्व के युद्ध के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाहें फैलाई जा रही हैं, लेकिन घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त स्टॉक है। जहां ओटीपी सिस्टम लागू कर अनावश्यक बुकिंग रोकी जा रही है। वहीं, पटना डीएम और पुलिस ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है। आशीष दुबे / 13 मार्च 2026