राष्ट्रीय
13-Mar-2026


लखीसराय,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के लखीसराय जिले में छोटे कारोबारियों और रोड साइट स्ट्रीट वेंडर्स के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना बड़ी राहत लेकर आई है। इस योजना के तहत सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी लगाने वाले विक्रेताओं को अब 30,000 रुपये तक की क्रेडिट कार्ड सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, पात्र लाभार्थियों को 10,000 रुपये तक का अतिरिक्त लोन भी मिलेगा। सहायक नगर पर्यवेक्षक प्रवीण कुमार के अनुसार, योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे कारोबारियों को बिना किसी गारंटी के लोन देकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। केंद्र सरकार का मानना है कि सस्ती दर पर कर्ज मिलने से छोटे व्यापारी अपने व्यवसाय को पुनः संचालित कर सकते हैं और रोजमर्रा की आय को सुधार सकते हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की शुरुआत जून 2020 में हुई थी। तब कोविड-19 महामारी के कारण पूरे देश में लॉकडाउन था, जिससे लाखों स्ट्रीट वेंडर्स और रेहड़ी-पटरी लगाने वालों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। यह देखकर केंद्र सरकार ने आर्थिक सहायता देने के लिए यह योजना लागू की। इसके तहत छोटे विक्रेताओं को माइक्रो लोन उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे अपना व्यवसाय पुनः शुरू कर सकें। अब तक इस योजना के माध्यम से 25 लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक सहायता मिल चुकी है और कई परिवारों की आजीविका सुरक्षित हुई है। नगर पर्यवेक्षक ने बताया कि योजना का उद्देश्य सिर्फ लोन देना नहीं, बल्कि छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना भी है। स्ट्रीट वेंडर्स को छोटी रकम का माइक्रो लोन देकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोग भी सम्मानजनक तरीके से अपना जीवन यापन कर सकें। साथ ही, योजना डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने पर भी जोर देती है। विक्रेता अब आधुनिक भुगतान प्रणाली से जुड़कर अपने कारोबार को और अधिक प्रभावी बना सकते हैं। ऐसे में यदि आप सड़क किनारे दुकान चलाते हैं या रेहड़ी-पटरी पर व्यवसाय करते हैं, तब प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आपके लिए बड़ा मौका साबित हो सकती है। यह योजना आर्थिक सहयोग के साथ-साथ व्यापारिक आत्मनिर्भरता और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने का भी कार्य करती है। इस प्रकार, सड़क किनारे व्यापार करने वाले छोटे कारोबारी इस योजना के तहत आसान लोन, क्रेडिट कार्ड सुविधा और डिजिटल लेनदेन के माध्यम से अपने व्यवसाय को मजबूत कर सकते हैं। आशीष दुबे / 13 मार्च 2026