खेल
13-Mar-2026


लंदन(ईएमएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन भारतीय टीम के टी20 विश्वकप जीतने से इतने अधिक भड़के हुए हैं कि उन्होंने इसके लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम की बेवकूफी को जिम्मेदार बताया है। वॉन के अनुसार दक्षिण अफ्रीका अगर गलती नहीं करती तो भारतीय टीम को खिताब नहीं मिलता। गौरतलब है कि टी20 विश्व कप के पहले सुपर-8 में भारतीय टीम को अफ्रीकी टीम के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। इससे भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं भी काफी कम हो गयीं थीं। भारतीय टीम ने हालांकि इसके बाद जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल ही नहीं फाइनल भी जीता। वॉन इसी कारण दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ऐडन मार्करम पर अपनी नाराजगी निकाल रहे हैं। वॉन ने कहा, विश्वकप की सबसे बेवकूफ टीम दक्षिण अफ्रीका निकल। अगर वह सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज से हार गयी होती तो भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचती ही नहीं। उस मैच में उन्होंने वेस्टइंडीज को जीतने दिया होता, तो भारतीय टीम बाहर हो जाती।उस मैच को जीतकर उन्होंने भारतीय टीम को एक अवसर और दे दिया। वॉन का मानना है कि टूर्नामेंट की, जो भी मजबूत टीम हो उसे पहले ही बाहर कर देना चाहिए। दक्षिण अफ्रीका के पास ऐसा करने का अवसर था पर उन्होंने ऐसा नहीं किया। भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराया और फिर वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया और फिर फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता। वॉन ने टीमों को सुझाव दिया है। ईएमएस 13 मार्च 2026