खेल
13-Mar-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन द्वारा आयोजित यूटीटी सीनियर नेशनल एवं अंतर-राज्यीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज़ 14 मार्च से इंदौर के ऐतिहासिक अभय प्रशाल में होने जा रहा है। 43 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शहर को मिली इस राष्ट्रीय मेजबानी को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। इस चैंपियनशिप में 34 राज्यों के लगभग 550 से अध‍िक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और 20 लाख रुपये की इनामी राशि के लिए जोर आजमाइश करेंगे। मध्य प्रदेश टेबल टेनिस संगठन की चयन समिति के अध्यक्ष ओम सोनी की अध्यक्षता में जयेश आचार्य, प्रमोद सोनी, रिंकू आचार्य और प्रमोद गंगराड़े की समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का गहन आकलन किया। चयन का आधार हाल ही में संपन्न हुई तीन राज्य रैंकिंग स्पर्धाएं और राज्य चैंपियनशिप रही है। मध्य प्रदेश की घोषित टीमें : पुरुष टीम : सौम्यदीप सरकार, शिवम सोलंकी (दोनों भोपाल), अनुज सोनी, प्रथम बाथम और पंकज विश्वकर्मा (तीनों इंदौर)। महिला टीम : मोमिता पाल, परिधि नागदेव (दोनों भोपाल), हिमानी चतुर्वेदी (ग्वालियर), भव्या राव और पूजा शर्मा (दोनों इंदौर)। टीम को मजबूती देने के लिए अजय राजपूत को प्रबंधक नियुक्त किया गया है, जबकि कलीम खान और साबिर अली को प्रशिक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए अभय प्रशाल में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी, जयेश आचार्य, प्रमोद सोनी, रिंकू आचार्य, नीलेश वेद और गौरव पटेल ने चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रकाश/13 मार्च 2026