खेल
13-Mar-2026


:: 87वीं नेशनल टीटी चैंपियनशिप : अभय प्रशाल में लगा हरमीत, मानव और श्रीजा अकुला जैसे स्टार खिलाड़ियों का जमावड़ा :: :: एकल स्पर्धाओं में 500 खिलाड़ियों की रिकॉर्ड भागीदारी से बना इतिहास; मुख्य ड्रा में भिड़ेंगे 256 पैडलर्स :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की खेल राजधानी इंदौर के अभय प्रशाल स्टेडियम में आज से रफ्तार, स्पिन और सटीकता का महासंग्राम 87वीं यूटीटी इंटर-स्टेट सीनियर नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप शुरू हो रही है। देश की इस सबसे प्रतिष्ठित घरेलू प्रतियोगिता में भारत के श्रेष्ठ पैडलर्स न केवल खिताब के लिए, बल्कि अपनी रैंकिंग को सर्वोच्च शिखर पर ले जाने के लिए पसीना बहाएंगे। पिछले साल सूरत में हुए नेशनल चैंपियनशिप के रोमांचक मुकाबले खेल प्रेमियों के जेहन में आज भी ताजा हैं, जहाँ पुरुष टीम वर्ग में पेट्रोलियम (पीएसपीबी) ने 0-2 से पिछड़ने के बाद ऐतिहासिक वापसी करते हुए रेलवे (आरएसपीबी) को 3-2 से मात दी थी। हालांकि, महिला वर्ग में रेलवे ने पासा पलटते हुए पीएसपीबी को उसी अंतर से हराकर ताज अपने नाम किया था। इस बार भी इन दोनों पारंपरिक प्रतिद्वंद्वियों के बीच खिताबी जंग में कांटे की टक्कर होने की प्रबल संभावना है। पुरुष टीम स्पर्धा में पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) अपनी 775 रैंकिंग अंकों की मजबूती के साथ खिताब बचाने उतरेगा। टीम में अंतरराष्ट्रीय सितारे हरमीत देसाई और मानव ठक्कर के साथ युवा सनसनी पायस जैन, सानिल शेट्टी और दिव्यांश श्रीवास्तव की मौजूदगी इसे अजेय बनाती है। वहीं, पिछली बार फाइनल में महज एक कदम दूर रही रेलवे की टीम इस बार रोनित भांजा, आकाश पाल और अनुभवी अनिर्बान घोष के दम पर हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान में है। महिला वर्ग में भी पीएसपीबी की ओर से सिंड्रेला दास, स्वस्तिका घोष और यशस्विनी घोरपड़े की टीम शीर्ष पर है, जिन्हें रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की श्रीजा अकुला और दिया चितले की पावर-जोड़ी से कड़ी चुनौती मिलना तय है। टूर्नामेंट ने शुरू होने से पहले ही इतिहास के पन्नों में नया कीर्तिमान दर्ज करा लिया है। पुरुष एकल स्पर्धा में देशभर से लगभग 500 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, जो सीनियर नेशनल के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक भागीदारी है। खिलाड़ियों के इस भारी हुजूम को देखते हुए प्रतियोगिता विभाग ने प्रारूप का विस्तार करते हुए 256 खिलाड़ियों का विशाल मुख्य ड्रा तैयार किया है। इसके तहत पहले चरण में 156 क्वालीफाइंग समूहों के बीच कड़े मुकाबले होंगे, जहाँ से सफल होकर आने वाले पैडलर्स मुख्य ड्रा के शीर्ष 16 वरीयता प्राप्त दिग्गजों से टकराएंगे। इंदौर के अभय प्रशाल को अंतरराष्ट्रीय एरिना की तरह तैयार किया गया है, जहाँ खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अनुभव देने के लिए स्टैग ग्लोबल की अत्याधुनिक टेबल, मैट और बॉल्स का उपयोग किया जा रहा है। टूर्नामेंट रेफरी मंगेश मोपकर और प्रतियोगिता प्रबंधक एन. गणेशन के नेतृत्व में 60 सदस्यीय अनुभवी अंपायर पैनल तैनात किया गया है, जिसमें ब्लू बैज और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अंपायर शामिल हैं। 35 पुरुष और 30 महिला टीमों की भागीदारी के साथ इंदौर अगले कुछ दिनों तक भारतीय टेबल टेनिस की सुनहरी गाथा लिखने के लिए पूरी तरह तैयार है। :: मैच शेड्यूल (14-16 मार्च, 2026) :: पहला दिन (14 मार्च, शनिवार) : सुबह 10:00 बजे से महिला एवं पुरुष एकल के शुरुआती राउंड, दोपहर 1:00 बजे से पुरुष एकल का पहला राउंड, शाम 4:00 बजे उद्घाटन समारोह और शाम 6:30 बजे से पुरुष टीम के ग्रुप मैच। दूसरा दिन (15 मार्च, रविवार) : सुबह 10:00 बजे से महिला एकल का तीसरा राउंड, सुबह 11:30 बजे से पुरुष एकल का तीसरा राउंड व पुरुष टीम के ग्रुप मैच, दोपहर 3:00 बजे से पुरुष टीम के ग्रुप मैच और शाम 3:30 बजे से प्री-क्वार्टर फाइनल व नॉकआउट मुकाबले। तीसरा दिन (16 मार्च, सोमवार) : सुबह 10:00 बजे से महिला एवं पुरुष क्वार्टर फाइनल व रैंकिंग मैच, दोपहर 2:00 बजे से पुरुष टीम का सेमीफाइनल, शाम 6:00 बजे से महिला टीम का सेमीफाइनल और रात 8:00 बजे से पुरुष युगल के शुरुआती राउंड। प्रकाश/13 मार्च 2026