गुना (ईएमएस)। शहर के पुरानी छावनी क्षेत्र में एक मनचले युवक के आतंक से एक नाबालिग छात्रा और उसका परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है। लगातार परेशान किए जाने और धमकियों के चलते छात्रा की हालत बिगड़ गई है और उसे गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद आरोपी के खिलाफ पुलिस ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित छात्रा की मां बबली रजक, निवासी धोबी मोहल्ला पुरानी छावनी, ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी कक्षा सातवीं में पढ़ती है और इन दिनों उसके स्कूल के पेपर चल रहे हैं। इसी दौरान क्षेत्र का रहने वाला साजन कोरी काफी समय से छात्रा को रास्ते में और स्कूल के पास रोककर परेशान कर रहा था। लगातार तनाव और डर के कारण छात्रा की तबीयत खराब हो गई और कुछ दिन पहले वह घर की सीढ़ियों से गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि इसी बीच आरोपी युवक अस्पताल भी पहुंच गया और वहां चाकू निकालकर हंगामा करने लगा। उसने छात्रा के माता-पिता और भाई के साथ मारपीट की तथा चाकू की नोक पर लड़की को उठाकर ले जाने की कोशिश की। किसी तरह परिजनों ने उसे रोका और कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिवार का कहना है कि इसके बाद भी आरोपी के हौसले कम नहीं हुए। रात करीब 11 बजे वह चार-पांच लोगों के साथ घर पहुंचा और गेट पर लात मारकर तोड़फोड़ की। इस दौरान उसने लड़की से जबरन शादी कराने की धमकी देते हुए परिवार को जान से मारने की बात कही। आरोपी ने छात्रा की मां के साथ भी मारपीट की। भय और तनाव के कारण छात्रा की हालत और बिगड़ गई है, वह अस्पताल में खून की उल्टियां कर रही है और ठीक से बोल भी नहीं पा रही है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उनकी बेटी को न्याय मिल सके और परिवार को इस डर के माहौल से राहत मिल सके।-सीताराम नाटानी