क्षेत्रीय
13-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)।जिले के कुंभराज क्षेत्र में मानसिक रूप से कमजोर लोगों को बंधक बनाकर उनसे मजदूरी कराने के मामले का खुलासा होने पर प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार लोगों को मुक्त कराया है। हालांकि प्रशासन को पांच लोगों के बंधक होने की सूचना मिली थी, लेकिन एक व्यक्ति का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार कुंभराज थाना क्षेत्र के ग्राम माड़ाखेड़ा में कुछ लोगों द्वारा मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्तियों को बंधक बनाकर उनसे काम कराने की सूचना प्रशासन को मिली थी। इसके बाद एसडीएम रवि मालवीय के नेतृत्व में राजस्व, नगर पालिका और पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने गुरुवार सुबह गांव में दबिश देकर तलाश अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को घरों में रखा हुआ पाया गया, जबकि दो अन्य को खेतों और सड़कों के आसपास भटकते हुए बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि प्रशासन की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपियों ने दो लोगों को घर से भगा दिया था, जिसके कारण वे भूखे-प्यासे सड़कों पर भटकते मिले। एसडीएम रवि मालवीय ने बताया कि अब तक चार लोगों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया है। सभी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और उन्हें उनके गृह क्षेत्र शिवपुरी स्थित ‘अपना घर’ संस्थान भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों द्वारा इन्हें बंधक बनाकर मजदूरी कराई जा रही थी, उनके खिलाफ जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा पांचवें व्यक्ति की तलाश भी जारी है।-सीताराम नाटानी