राज्य
13-Mar-2026


इन्दौर (ईएमएस) घर की देखभाल करने के लिए रखी गई एक केयरटेकर युवती घर की अलमारी से लाखों के जेवर चोरी कर फरार हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार दीपक पंचौली निवासी नंदानगर ने अपनी दर्ज शिकायत में बताया कि उनके घर में ममता कुशवाह नाम की युवती केयरटेकर के रूप में काम करती थी। परिवार ने उस पर भरोसा कर उसे घर की पूरी जिम्मेदारी सौंप रखी थी, लेकिन उसने इसी का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। ममता ने घर की अलमारी में रखे सोने के पुराने जेवरात चुरा लिए। परिवार को काफी समय बाद जब अलमारी चेक करने का ख्याल आया, तो अंदर रखे आभूषण गायब मिले। इसके बाद संदेह के आधार पर जब उन्होंने ममता से पूछताछ करने की कोशिश की तो वह टालमटोल करने लगी। इससे मामला साफ हो गया और इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।‌ दीपक के अनुसार चोरी गए जेवरात में सोने की एक चेन, एक मांग टीका, कानों की सोने की लटकन की जोड़ी, मंगलसूत्र के दो पेंडेंट और सोने के छह मोती शामिल है। पुलिस ने आरोपी ममता के खिलाफ चोरी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 13 मार्च 2026