क्षेत्रीय
13-Mar-2026


चतरा(ईएमएस)। सदर थाना क्षेत्र के संघरी घाटी में शुक्रवार की अहले सुबह एक कोयला लदा हाईवा के पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हाईवा के पलटने के कारण कोयला मुख्य सड़क पर ही गिखर गया और पूरी तरह से रोड को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक चालक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के सेरम पंडरिया गांव निवासी आदित्य राणा के रूप में हुई है।वह भोला राणा के पुत्र बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्य राणा कोयला लदा हाईवा लेकर चतरा-गया मुख्य पथ से गुजर रहे थे, तभी संघरी घाटी के पास हाईवा अचानक नियंत्रण खो बैठा और पलट गया। भारी वाहन के पलटते ही पीछे से आ रही कई छोटे-बड़े वाहन समय पर ब्रेक नहीं लगा सके और आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद चतरा-गया मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। शुक्रवार को लगभग दस बजे सदर थाना पुलिस सड़क पर पलटी गाड़ी को जेसीबी के माध्यम से हटाया तब जाम टूटा। सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटनाग्रस्त हाईवा और दूसरी गाड़ियों को सड़क से हटा दिया गया है, यातायात सामान्य हो गया है। कर्मवीर सिंह/13मार्च/26