राष्ट्रीय
13-Mar-2026


गुवाहाटी (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पूर्वोत्तर में बमों और गोलीबारी की आवाज अब बीते दिनों की बात हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति सुनिश्चित की, जबकि कांग्रेस ने ‘‘स्वार्थ केंद्रित राजनीतिक हितों के लिए विभिन्न समझौतों पर हस्ताक्षर किए। बारिश के कारण यात्रा कार्यक्रम में बाधा आने के बाद गुवाहाटी से ‘डिजिटल माध्यम से असम के कोकराझार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य ‘‘डबल इंजन सरकार के तहत शांति एवं विकास का एक नया अध्याय लिख रहा है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने स्वदेशी लोगों की जमीन घुसपैठियों को सौंपकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का काम किया। उन्होंने कहा, “आगामी चुनावों में कांग्रेस को दंडित करें और यह स्पष्ट संदेश दें कि इस देश में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है।” असम विधानसभा की 126 सीट के लिए चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा घुसपैठियों के साथ मिलीभगत करती रही है और उसने राज्य की मूल आबादी को कभी कानूनी रूप से भूमि अधिकार नहीं दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी भूमि घुसपैठियों को सौंप दी, और धुबरी तथा गोलपारा जैसे जिलों में स्थिति गंभीर थी, जिससे कोकराझार की जनसांख्यिकी प्रभावित हुई। प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा अतिक्रमण मुक्त भूमि के लिए एक बड़ा अभियान चला रहे हैं और भाजपा सरकार ने आदिवासी लोगों को उनके अधिकार सौंप दिए हैं। मैं इस संबंध में सहयोग देने के लिए आदिवासी समुदायों के लोगों का भी आभारी हूं। सुबोध/१३-०३-२०२६