राष्ट्रीय
13-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। संयुक्त अरब अमीरात के खोर फक्कन बंदरगाह से रवाना हुआ मालवाहक जहाज चेंग एक्स लगभग 3,100 टन बिटुमेन यानी तारकोल की खेप लेकर सुरक्षित रूप से तट पर पहुंच गया है। 3 मार्च को अपनी यात्रा शुरू करने वाले इस जहाज ने होर्मुज जलडमरूमध्य जैसी चुनौतीपूर्ण समुद्री सीमाओं और ईरान द्वारा लगाई गई व्यापारिक पाबंदियों के बीच अपना रास्ता तय किया है। जानकारी के अनुसार, यह जहाज 3 मार्च को यूएई के खोर फक्कन बंदरगाह से रवाना हुआ था। जहाज की कुल क्षमता लगभग 5,500 टन है, लेकिन इस खेप में करीब 3,100 टन बिटुमेन कारवार लाया गया है। इस तारकोल का इस्तेमाल क्षेत्र में चल रही सड़क प्रोजेक्ट के लिए किया जाएगा। इस जहाज का सुरक्षित पहुंचना इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मध्य-पूर्व में जारी तनाव के कारण समुद्री व्यापार प्रभावित हुआ है। रिपोर्टों के अनुसार, ईरान द्वारा हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण कार्गो परिवहन में काफी दिक्कतें आ रही थीं। इन प्रतिबंधों और वैश्विक संकट के बावजूद यूएई से भारत तक इस खेप का पहुंचना स्थानीय इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए एक बड़ी राहत है। सुबोध/१३-०३-२०२६