भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच पुलिस ने पुराने शहर स्थित आलम शादी हॉल के पास दबिश देकर दो अवैध रायफल और 47 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसका नाम आलम बताया जा रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह जानने में जुटी है की कहीं वह किसी गैग से तो नहीं जुड़ा है। सूत्रो के अनुसार टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ इलाके में मौजूद है क्राइम ब्रांच टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो रायफल और 47 कारतूस बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी हथियारों से संबंधित संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इधर, एक अन्य मामले में भोपाल एयरपोर्ट पर भी एक यात्री के पास से कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी की पहचान महेंद्र मिश्रा के रूप में हुई है। एयरपोर्ट सुरक्षा जांच के दौरान उसके बैग से कारतूस मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। जुनेद / 15 मार्च