राज्य
15-Mar-2026
...


गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण, कालाबाजारी, अवैध रिफि़लिंग पर होगा मुकदमा केवाईसी के लिए अलग काउंटर खोलने के गैस एजेंसी संचालकों को दिए निर्देश चिकित्सालयों, शिक्षण संस्थानों एवं आश्रमों को प्राथमिकता से गैस उपलब्ध कराने के निर्देश डीएम की गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर की सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक हरिद्वार (ईएमएस)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद हरिद्वार में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति एवं उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। जिसको लेकर आज आपदा कंट्रोल रूम में सम्बंधित अधिकारियों एवं गैस एजेंसी संचालकों के साथ आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्बंधित अधिकारियों एवं गैस एजेंसी संचालकों से जनपद में गैस आपूर्ति के सम्बंध में जानकारी प्राप्त की। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया है कि जनपद में एलपीजी गैस की कमी नहीं है, सभी एजेंसियों में सभी उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जा रही है। ऑनलाइन सिस्टम से भी अब एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग की जा रही हैं तथा वर्तमान समय में स्थिति सामान्य है तथा उपभोक्ताओं को उनके द्वारा की जा रही बुकिंग के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि गैस एजेंसियों पर जिन उपभोक्ताओं की लाइन लग रही है, उसमें से अधिकांश वो उपभोक्ता हैं। जिनकी केवाईसी नहीं कराई गयी है। जिसकारण उन उपभोक्ताओं की एलपीजी गैस बुक नहीं हो पा रही है, उन्हीें उपभोक्ताओं की केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसियों पर लाइन लग रही है। बैठक में जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विक्रय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति नियमित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए, इसमें किसी भी प्रकार से कोई लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उपभोक्ताओं द्वारा जो भी गैस की बुकिंग की जा रही है एवं उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाए। जिससे कि उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी में अनावश्यक रूप से लाइन में लगाना पडे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाए।। बैक लॉक को प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कि एलपीजी गैस सिलेंडर की किसी भी तरह से कोई अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं अवैध रिफि़लिंग न हो, यदि कोई भी एजेंसी एवं व्यक्ति ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। डीएम ने सभी गैस एजेंसियों को यह भी निर्देश दिए है कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा केवाईसी नहीं की गई है, उनके केवाईसी के लिए अलग काउंटर खोलने के निर्देश दिए तथा उपभोक्ताओं को ऑनलाइन केवाईसी के लिए भी प्रेरित करते हुए उपभोक्ताओं को जागरूक करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट किया है कि जनपद के चिकित्सालयों, शिक्षण संस्थानों एवं आश्रमों में प्राथमिकता से एलपीजी गैस उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारी, नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सभी अधिकारी समय-समय पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण करें तथा किसी भी तरह से एलपीजी गैस की कालाबाजारी,अवैध भंडारण एवं अवैध रिफि़लिंग न हो इस पर निगरानी रखते हुए छापेमारी की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए तथा ऐसे करने वाले के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। उन्होंने उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति के संबंध में भी संयम बरतने को कहा तथा वर्तमान समय में स्थिति सामान्य हो रही है किसी उपभोक्ता को घबराने की जरूरत नहीं है तथा उनके द्वारा कि गई बुकिंग के आधार पर ही गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कंट्रोल रूम में प्राप्त हो रही शिकायतों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कंट्रोल रूम में जो भी शिकायत प्राप्त हो रही है, उन शिकायतों का तत्परता से निस्तारण करना सुनाश्चित करे तथा शिकायतकर्ता से भी दर्ज की गई शिकायत के संबंध में वार्ता करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी पीआर चैहान, पुलिस अधीक्षक क्राइम निशा यादव, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी मीरा रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, डीएनओ मयंक कुमार, गैस एजेंसी के विक्रय अधिकारी अश्वनी कुमार, सुनील सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। (फोटो-05) शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/15 मार्च 2026