क्षेत्रीय
15-Mar-2026
...


दीवानगंज/रायसेन। जिले की जनपद पंचायत सांची के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत गीदगढ़ में करीब दो साल पहले भूमिपूजन के बाद भी 62 लाख रुपये लागत की ग्रेवल सड़क का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। सड़क निर्माण अधर में लटका होने से ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर बड़े स्तर पर भूमिपूजन कर विकास कार्य की घोषणा की गई थी,।लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी मौके पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक यह सड़क गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है। बरसात के दिनों में कच्चा रास्ता कीचड़ से भर जाता है। जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को खासा परेशान होना पड़ता है। कई बार वाहन भी रास्ते में फंस जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बनने से गांव के लोगों को बाजार, अस्पताल और स्कूल तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलती। लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोग अभी भी बदहाल रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। गांव के लोगों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लंबित पड़े इस सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। यदि जल्द ही काम शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो की जाती हैं।लेकिन जमीन पर काम नहीं होने से योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। इनका कहना है.... आपके द्वारा गीदगढ़ में ग्रेवल सड़क का मामला मेरे संज्ञान में लाया गया है। मैं जल्द ही संबंधितों को निर्देशित कर जल्द ही जनहित में ग्रेवल सड़क निर्माण शुरू कराया जाएगा। शंकर सिंह पांसे जनपद पंचायत सांची सीईओ किशोर वर्मा (ईएमएस)रायसेन 15/03/2026