लापरवाही की हद: यूनिवर्सिटी ने जारी की बीबीए की समय सारणी, परेशान हो रहे विद्यार्थी छिंदवाड़ा (ईएमएस)। परीक्षा जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में जहां हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखा जाना चाहिए, वहीं राजा शंकर शाह यूनिवर्सिटी की एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। यूनिवर्सिटी द्वारा जारी बीबीए थर्ड ईयर की परीक्षा समय सारणी में ऐसी चूक हो गई है, जिसने विद्यार्थियों को असमंजस में डाल दिया है। टाइम टेबल में एक ही छात्र के दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन और एक ही समय पर निर्धारित कर दी गई है, जिससे यूनिवर्सिटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। यूनिवर्सिटी ने बीबीए थर्ड ईयर की परीक्षाएं 7 अप्रैल से प्रारंभ होने की घोषणा करते हुए समय सारणी जारी की है। लेकिन जारी टाइम टेबल के अनुसार 21 अप्रैल को एक ही विद्यार्थी के दो अलग-अलग विषयों के पेपर एक ही दिन और एक ही समय पर रख दिए गए हैं। ऐसे में अब सवाल यह खड़ा हो गया है कि छात्र एक ही समय में दो परीक्षाओं में कैसे शामिल होगा। इस चूक के सामने आने के बाद विद्यार्थियों में नाराजगी देखी जा रही है और वे यूनिवर्सिटी से जल्द संशोधित समय सारणी जारी करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण मामले में इस तरह की लापरवाही उनकी तैयारी और भविष्य दोनों को प्रभावित कर सकती है। अब छात्रों की नजर यूनिवर्सिटी प्रशासन पर टिकी है कि वह इस गंभीर त्रुटि को कब तक सुधारता है, ताकि परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पहले भी हो चुकी ऐसी गलती राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय का यह पहला मौका नहीं है जब इस तरह की गलती सामने आई है। बल्कि पिछले वर्ष भी विश्वद्यिालय द्वारा इस तरह की गलती की गई थी। जिसका विरोध विद्यार्थियों ने किया था। विरोध के बाद यूनिवर्सिटी द्वारा समय सारणी में सुधार करते हुए एक ही दिन में होने वाले एक पेपर को निरस्त किया गया था। इतना ही नहीं जो पेपर निरस्त किया गया था। उसे यूनिवर्सिटी द्वारा पेपर खत्म होने के १५ दिनों बाद लिया गया था। इस वक्त भी विद्यार्थियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा था। ईएमएस/मोहने/ 15 मार्च 2026