क्षेत्रीय
15-Mar-2026


शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता का कर रहे विरोध छिंदवाड़ा (ईएमएस)। शिक्षकों के लिए (टीईटी) शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में भारतीय मजदूर संघ के प्रांताध्यक्ष संजय सिंग से शिक्षकों ने मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के परिप्रेक्ष्य में लोक शिक्षण संचालनालय,भोपाल द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा को अनिवार्य किए जाने संबंधी आदेश जारी किया गया है। इस आदेश के कारण प्रदेश के लाखों कार्यरत शिक्षकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। यदि दो वर्ष में शिक्षक यह परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाते हैं तो उन्हें शासकीय सेवा से बेदखल किए जाने की स्थिति बन सकती है, म.प्र.के लगभग तीन लाख अध्यापक इस आदेश के दायरे में आ सकते हैं। म.प्र.राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रमेश शर्मा एवं जिला सचिव अरविंद भट्ट सहित उपस्थित शिक्षकों ने निवेदन किया कि भारतीय मजदूर संघ के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को अध्यापक संवर्ग की पीड़ा से अवगत कराया जाए तथा म.प्र.सरकार की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में रिव्यू पिटिशन दायर की जाए, ताकि शिक्षकों को न्याय मिल सके। इस अवसर पर प्रांत अध्यक्ष संजय सिंग ने शिक्षकों की वेदना को गंभीरता से समझते हुए कहा कि यह केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के शिक्षकों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री से संपर्क कर शिक्षकों की न्यायोचित मांगों को पूरा कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। ईएमएस/मोहने/ 15 मार्च 2026