क्षेत्रीय
15-Mar-2026


रायसेन। ऐतिहासिक रायसेन किला की तलहटी में अवैध तरीके से किए जा रहे तोप संचालन के विरोध में सोमवार को सकल हिंदू समाज द्वारा मौन रैली निकाली जाएगी। श्री हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष रवि खत्री,राहुल परमार सहित सकल हिंदू समाज संगठनों ने बताया कि रैली का उद्देश्य किले के आसपास हो रहे तोप संचालन पर रोक लगाने की मांग को जिला व पुलिस प्रशासन तक पहुंचाना है। सकल हिंदू समाज के पदाधिकारियों के अनुसार रैली 16 मार्च सोमवार को दोपहर करीब 3:30 बजे शहर के श्रीराम लीला मैदान से निकाली जाएगी। रैली में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल होकर शांतिपूर्वक विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन में मांग की जाएगी कि राष्ट्रीय महत्व के ऐतिहासिक स्मारक रायसेन किले के 100 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार का तोप संचालन तत्काल बंद कराया जाए। समाज के लोगों का कहना है कि किले की तलहटी में इस तरह की गतिविधियां न केवल नियमों के खिलाफ हैं ।बल्कि इससे ऐतिहासिक धरोहर को भी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। आयोजकों ने बताया कि मौन रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।ताकि किले के आसपास की रहवासी इलाकों, किले की पवित्रता और ऐतिहासिक महत्व सुरक्षित रह सके।सकल हिंदू समाज ने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे इस मौन रैली में शामिल होकर ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा के लिए अपना समर्थन दें। किशोर वर्मा (ईएमएस) रायसेन 15/02/2026